ललितपुर: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। भोपाल से सुंदरकांड पाठ में शामिल होकर लौट रहे तीन चचेरे भाइयों की तेज रफ्तार कार की टक्कर में मौत हो गई। हादसे के बाद मंगलवार सुबह जब गांव से तीनों की अर्थियां एक साथ उठीं, तो पूरा माहौल गमगीन हो गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।
भोपाल से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बार थाना क्षेत्र के लड़वारी गांव निवासी जसरथ (40), उनके बड़े भाई नाथूराम (42) और चचेरे भाई जगदीश (36) रविवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल गए थे। वहां उनके रिश्तेदार के घर सुंदरकांड पाठ का आयोजन था। तीनों ने अपनी मोटरसाइकिल ललितपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी कर ट्रेन से भोपाल की यात्रा की थी। सोमवार सुबह ट्रेन से लौटने के बाद तीनों एक ही बाइक से गांव जा रहे थे। इसी दौरान थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम बांसी स्थित छावड़ा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण कि तीनों की हालत हुई गंभीर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज ललितपुर ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद जसरथ को मृत घोषित कर दिया। वहीं नाथूराम और जगदीश की हालत नाजुक होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए दोनों को ग्वालियर भेजा गया। रास्ते में जगदीश ने दम तोड़ दिया, जबकि नाथूराम की भी ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
देर रात गांव पहुंचे शव, सुबह एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे तीनों शव गांव पहुंचे। शवों के पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छा गया। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मंगलवार सुबह करीब 7:20 बजे तीनों भाइयों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
एक ही परिवार से लगातार तीन अर्थियां उठने का दृश्य देखकर गांव के लोग भी भावुक हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा दर्दनाक मंजर उन्होंने पहले कभी नहीं देखा।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना करने वाली कार की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच में जुटी हुई है।
एक साथ जलीं तीन भाइयों की चिताएं, रो पड़ा पूरा गांव
