मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलवा गांव में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय राजाराम कुशवाहा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुराना पारिवारिक और जमीनी विवाद सामने आ रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
भट्टे की रखवाली के दौरान हुआ हमला
परिजनों के मुताबिक परिवार का खेत और कुएं के पास ईंटों का भट्टा संचालित होता है। मंगलवार को पूजा-पाठ के बाद भट्टे में आग डाली गई थी। इसी कारण रात में खेत पर परिवार के लोगों का कार्यक्रम और भोजन हुआ था। देर रात परिवार के अधिकांश सदस्य घर लौट गए, जबकि राजाराम कुशवाहा और उसका मंझला भाई कीरथ कुशवाहा खेत पर ही रुक गए। आरोप है कि रात करीब 12 बजे आधा दर्जन हथियारबंद लोग वहां पहुंचे और दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों को देखकर कीरथ किसी तरह मौके से भाग निकला, जबकि राजाराम को कनपटी पर गोली मार दी गई। गोली सिर के आर-पार निकल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने रिश्तेदारों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के भाई वालादीन कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि हत्या करने वाले उनके ही परिवार के लोग हैं। उनका कहना है कि दोनों पक्षों के बीच करीब 25 साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। परिजनों ने चिंता, साधु, नंदी, धनी और अरविंद यादव सहित अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि करीब 10 साल पहले भी इसी जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो चुकी है।
राजस्थान में मजदूरी करता था राजाराम
परिवार के अनुसार राजाराम कुशवाहा राजस्थान के झुंझुनूं में मजदूरी का काम करता था। वह करीब 15 दिन पहले ही गांव लौटा था। उसकी पत्नी और तीन बेटियां राजस्थान में रहती हैं, जबकि परिवार की दो बेटियां गांव में थीं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
छतरपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, 25 साल पुराने जमीनी विवाद में परिवार पर आरोप
