जालौन में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया, मां हुई बेहोश

उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के कुठौंद थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है। मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिनकी देखभाल को लेकर परिजन गहरे सदमे में हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पंडितपुर निवासी श्याम बिहारी दोहरे ने अपनी पुत्री प्रियंका की शादी वर्ष 2017 में मध्य प्रदेश निवासी युवक के साथ की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा प्रियंका का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाने लगा था। प्रताड़ना से परेशान होकर वह अपने दो बच्चों के साथ मायके में रहने लगी थी।

परिवार का कहना है कि प्रियंका ने कई बार ससुराल लौटकर परिवार के साथ रहने की कोशिश की, लेकिन उसे अपनाने से इनकार कर दिया गया। लगातार मानसिक तनाव और घरेलू विवादों से परेशान होकर प्रियंका ने मायके में कमरे के अंदर पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की सूचना मिलते ही कुठौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, मृतका की मां पुष्पा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। ये घटना देखने के बाद वह बेहोश होकर गिर गयी।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *