जालौन: जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र के जुझारपुरा गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम अब विवादों में घिर गया है। गांव में आयोजित 51 कुंडीय महायज्ञ और रामलीला मंचन के दौरान बार-बालाओं के अश्लील डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में नाराजगी और चर्चा का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि गांव में कई दिनों से धार्मिक अनुष्ठान और महायज्ञ का आयोजन चल रहा था। कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी पहुंचे थे। रात के समय सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर मंच पर फिल्मी और फूहड़ गानों पर डांस कराया गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
रामलीला मंच पर अश्लील गानों पर डांस
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जिस मंच पर धार्मिक प्रस्तुतियां और रामलीला होनी थी, उसी मंच पर तेज आवाज में अश्लील गाने बजाए जा रहे हैं। मंच पर मौजूद बार-बालाएं भड़काऊ अंदाज में डांस करती नजर आ रही हैं। वहीं सामने बैठी भीड़ वीडियो बनाती और शोर मचाती दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि धार्मिक आयोजन की आड़ में भीड़ जुटाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम कराए गए। लोगों का कहना है कि इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में गलत संदेश जा रहा है।
ग्रामीणों ने कार्रवाई की उठाई मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों की पवित्रता बनाए रखने के लिए ऐसे कार्यक्रमों पर सख्ती जरूरी है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। कई लोगों ने इस तरह के आयोजनों को संस्कृति और आस्था के खिलाफ बताया है।
पुलिस ने जांच शुरू की
मामले में परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। वीडियो की जांच कराई जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब का है और कार्यक्रम के आयोजक कौन थे। जांच के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जुझारपुरा में रामलीला मंच पर लगवा दिए ठुमके, बजे अश्लील गाने, पुलिस हरकत में आयी
