आख़िर बिना अनुमति किसकी शह पर लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर?

जालौन: जिले के कोंच नगर में स्मार्ट मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। नया पटेल नगर में मंगलवार दोपहर एक बार फिर लोगों ने विरोध दर्ज कराते हुए एसडीएम कोंच ज्योति सिंह को ज्ञापन सौंपा और बिना सहमति लगाए गए स्मार्ट मीटरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि विद्युत विभाग की टीम ने आशीर्वाद होटल के पीछे स्थित कई घरों में बिना पूर्व सूचना पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगा दिए। इससे पहले भी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध देखने को मिल चुका है, जहां उपभोक्ताओं ने बिजली बिल में अचानक वृद्धि की शिकायत की थी। नया पटेल नगर का मामला भी उसी कड़ी का हिस्सा बनता नजर आ रहा है।

उपभोक्ताओं के अनुसार, जहां पहले उनका मासिक बिजली बिल 400 से 500 रुपए के बीच आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद यह बढ़कर 3000 रुपए या उससे अधिक पहुंच गया है। इस अचानक बढ़ोतरी ने मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। निवासियों ने यह भी बताया कि शिकायत लेकर जब वे विद्युत विभाग पहुंचे, तो उन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने को कहा गया। क्षेत्र के कई लोग डिजिटल जानकारी के अभाव में अपनी शिकायत दर्ज नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनकी परेशानी और गहरा गई है। इससे पहले माधौगढ़ और उरई क्षेत्र में भी स्मार्ट मीटर के विरोध के दौरान लोगों पर मुकदमे दर्ज होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसने इस मुद्दे को और संवेदनशील बना दिया है।

ज्ञापन के माध्यम से लोगों ने मांग की है कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं और बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कर राहत दी जाए। साथ ही प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष कार्रवाई की अपील की गई है। इस दौरान ललिता देवी, सावित्री देवी, चंदा देवी, पार्वती, राहुल, मुकेश, विशाल, गोविंद सिंह, अर्जुन, लीला देवी और मालती सहित कई लोग मौजूद रहे।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *