जालौन: जिले में जहां एक ओर सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर एक राजनीतिक कार्यक्रम में इन नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित स्कूटी रैली में कई पदाधिकारी बिना हेलमेट के वाहन चलाते हुए नजर आए।
यह रैली उरई के टाउन हॉल परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों — शहीद भगत सिंह चौराहा, अंबेडकर चौराहा, जिला परिषद और जेल रोड होते हुए अमन रॉयल गार्डन तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, लेकिन अधिकांश प्रतिभागियों ने हेलमेट नहीं पहना था।
इस रैली में भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित समेत कई महिला पदाधिकारी शामिल रहीं। आयोजन के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान की शुरुआत की गई, जिसके तहत 15 अप्रैल से 20 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण और सरकार की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला गया।
रैली में जिला उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, मीनू मिश्रा, प्रीति बंसल, अनीता वर्मा, प्रीति गुप्ता, अनीता सोलंकी, शीतल सागर, मंजू रानी और श्रद्धा सागर सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं। हालांकि, इस पूरे आयोजन के दौरान यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन होता रहा, लेकिन न तो प्रशासन की ओर से कोई रोक-टोक की गई और न ही यातायात पुलिस ने कोई कार्रवाई की। यह स्थिति तब और गंभीर हो जाती है, जब उसी समय पूरे जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान चलाया जा रहा है।
इस घटना के बाद यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग ही नियमों का पालन नहीं करेंगे, तो आम नागरिकों से इसकी अपेक्षा कैसे की जा सकती है।
जालौन में स्कूटी रैली के दौरान उड़े ट्रैफिक नियम, बिना हेलमेट दिखीं महिला मोर्चा कार्यकर्ता
