छतरपुर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष राम मनोहर तिवारी स्वागत जुलूस के दौरान खुले नाले में गिरे

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक स्वागत कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राम मनोहर तिवारी अचानक खुले नाले में गिर पड़े. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 

जानकारी के अनुसार, पदभार ग्रहण करने के बाद राम मनोहर तिवारी ग्राम खैरा में आयोजित स्वागत समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. कार्यकर्ता फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत कर रहे थे और जुलूस के रूप में आगे बढ़ रहे थे. इसी दौरान सड़क किनारे बनी खुली नाली के पास उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे गड्ढे में जा गिरे. 

कार्यकर्ताओं ने तुरंत निकाला बाहर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाली खुली हुई थी और उसके आसपास पानी जमा था, जिससे फिसलन बढ़ गई थी. जैसे ही वे गिरे, आसपास मौजूद कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें संभाला और बाहर निकाल लिया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई. 

वायरल वीडियो के बाद उठे सवाल
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है. वीडियो के सामने आने के बाद गांव में बुनियादी सुविधाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में कई स्थानों पर खुली नालियां और गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं. उनका आरोप है कि समय रहते मरम्मत और ढंकने का काम नहीं होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है. 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *