भाभी बोली- देवर ने हमें छेड़ा, इस बात पर चल गए लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी

छतरपुर:  एक पारिवारिक विवाद ने ओरछा रोड थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम गंभीर रूप ले लिया.  देवर की भाभी के साथ कथित छेड़छाड़ के आरोप के चलते यहां दो पक्षों मे हिंसक झड़प में हो गई. इस घटना में कुल 8 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 

क्या है पूरा मामला?
घायल महिला का आरोप है कि उसके पति और ससुर के घर से बाहर होने के दौरान उसका चचेरा देवर पानी मांगने के बहाने घर में आया. महिला के मुताबिक, उसने हाथ पकड़कर अनुचित व्यवहार किया. विरोध करने और शोर मचाने पर वह मौके से भाग गया. महिला का कहना है कि उसकी बहन के पहुंचने के बाद स्थिति और बिगड़ने से बची. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसके पिता भगोले कुशवाहा को घटना की जानकारी मिली और वे गांव की ओर आ रहे थे, तो रास्ते में उन्हें रोककर कुल्हाड़ी से हमला किया गया.  इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई है और उनका उपचार चल रहा है. 

दूसरे पक्ष ने लगाए अलग आरोप
दूसरे पक्ष ने छेड़छाड़ के आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उनका कहना है कि महिला भैंस ले जा रही थीं और उसे रोकने को लेकर कहासुनी हुई थी. आरोपित पक्ष का दावा है कि पारिवारिक विवाद पहले से चल रहा था और इसी रंजिश के चलते झूठा मामला दर्ज कराया गया है. 

8 लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी
झड़प में दोनों पक्षों से चार-चार लोग घायल हुए हैं. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी सत्यता की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इलाके में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *