दतिया: बुंदेलखंड की दतिया सीट पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव का कार्यक्रम निर्वाचन आयोग ने घोषित कर दिया है. आयोग के अनुसार 6 जुलाई को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. उम्मीदवार 13 जुलाई तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा और 3 अगस्त को मतगणना होगी. पूरी चुनावी प्रक्रिया 4 अगस्त तक संपन्न कर ली जाएगी.
आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू
उपचुनाव की घोषणा के साथ ही दतिया विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है. चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सभी मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) के माध्यम से मतदान कराया जाएगा. प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं.
भाजपा ने जताया जीत का भरोसा
राज्य सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दतिया उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत का दावा किया है. उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और परिणाम भाजपा के पक्ष में रहेगा. जब उनसे संभावित उम्मीदवार को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी उम्मीदवार के नाम पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी. पार्टी उचित समय पर प्रत्याशी की घोषणा करेगी.
कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए आरोप
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने उपचुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में दतिया की जनता ने कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र भारती को अपना प्रतिनिधि चुना था, लेकिन बाद में उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई. सिंघार का आरोप है कि भाजपा इस उपचुनाव के जरिए सीट पर कब्जा करना चाहती है. उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया की जनता एक बार फिर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी.
चुनावी मुकाबले पर बढ़ी नजर
उपचुनाव की तारीख घोषित होने के बाद दतिया में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं. भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं. अब सभी की नजर उम्मीदवारों की घोषणा और आगामी चुनाव प्रचार पर रहेगी.

