जालौन निवासी दिव्यांग खिलाड़ी ने लखनऊ में साथी पर लगाया रेप का आरोप, टॉवर पर चढ़ी

जालौन: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दिव्यांग महिला बैडमिंटन खिलाड़ी अपनी मांगों को लेकर करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। खिलाड़ी का आरोप है कि उसके साथी खिलाड़ी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया, लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। लगभग दो घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद लिखित आश्वासन दिए जाने पर खिलाड़ी सुरक्षित नीचे उतर आई।

दुष्कर्म का आरोप, कार्रवाई नहीं होने से बढ़ा आक्रोश
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से जालौन की रहने वाली पीड़िता लखनऊ स्थित डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है। वह पारा क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही है। पीड़िता का आरोप है कि उसके सहपाठी राहुल कुमार वर्मा से पढ़ाई के दौरान नजदीकियां बढ़ीं। उसने विवाह का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब आरोपी के परिवार ने उसकी शादी किसी अन्य स्थान पर तय कर दी, तो उसने पीड़िता से विवाह करने से इनकार कर दिया।

अप्रैल में दर्ज कराया था मुकदमा
खिलाड़ी के मुताबिक, उसने 26 अप्रैल को पारा थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। उसका कहना है कि वह लगातार पुलिस अधिकारियों और थाने के चक्कर लगाती रही, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। इसी से परेशान होकर उसने विरोध दर्ज कराने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठाया।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक अधिकारियों ने खिलाड़ी को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद खिलाड़ी टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुई।

पुलिस ने बताई कार्रवाई में देरी की वजह
मोहान रोड चौकी प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय से गिरफ्तारी पर अंतरिम राहत (स्टे) प्राप्त है। इसी कारण पुलिस न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया अपना रही है। अधिकारियों का कहना है कि अदालत के निर्देशों के अनुरूप मामले में आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *