बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदौसा थाना परिसर में एक पिता ने अपनी 19 वर्षीय बेटी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। युवती ने करीब एक माह पहले अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया था और पति के साथ रहने की बात पर अड़ी हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बदौसा थाना क्षेत्र की रहने वाली शिवानी का मोहल्ले के ही रहने वाले ललित वर्मा से पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। 18 मई को शिवानी अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी और दोनों ने पहले मंदिर में तथा बाद में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर विवाह कर लिया था।
बेटी के घर छोड़ने के बाद उसकी मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि शिवानी और ललित मध्य प्रदेश के सतना जिले में मौजूद हैं। इसके बाद दोनों को बरामद कर बदौसा थाने लाया गया। पुलिस ने दोनों परिवारों को भी थाने बुला लिया।
थाने में पूछताछ के दौरान शिवानी और ललित ने बताया कि उन्होंने अपनी मर्जी से विवाह किया है। उन्होंने शादी से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को दिखाए। इसके बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और युवती के बयान दर्ज कराने की तैयारी कर रही थी। इसी बीच काउंसलिंग के लिए शिवानी, उसके पिता और मां को अलग कमरे में बातचीत करने का अवसर दिया गया। बताया जा रहा है कि पिता लगातार बेटी को समझाने का प्रयास कर रहा था कि उसने दूसरी जाति के युवक से विवाह कर परिवार और समाज में बदनामी कर दी है। उसने बेटी से विवाह तोड़ने और घर लौटने की बात कही, लेकिन शिवानी ने साफ शब्दों में पति के साथ रहने की इच्छा जताई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बातचीत के बाद भी जब युवती अपने फैसले पर कायम रही तो पिता का गुस्सा भड़क गया। आरोप है कि उसने अचानक चाकू निकालकर बेटी पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। घटना इतनी तेजी से हुई कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले युवती गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी।
घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल आरोपी को पकड़ लिया और घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटी पर हुए हमले को अपनी आंखों के सामने देखकर उसकी मां की भी तबीयत बिगड़ गई।
बांदा पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि युवती को पहले दर्ज मुकदमे के संबंध में बरामद कर थाने लाया गया था। काउंसलिंग और बातचीत के दौरान उसके पिता ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। वहीं, युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। यह घटना एक बार फिर समाज में प्रेम विवाह और जातिगत भेदभाव को लेकर मौजूद मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
थाने के अंदर घुसकर बेटी की ह’त्या, बिरादरी से बाहर शादी करने से पिता था नाराज़
