जालौन: नगर के प्रमुख पर्यटन और मनोरंजन स्थलों में शामिल मुरली मनोहर तालाब का उपजिलाधिकारी रिंकू सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्क और तालाब परिसर में कई कमियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई तथा सभी व्यवस्थाएं 15 दिनों के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पार्क में बच्चों के लिए लगाए गए कई झूले क्षतिग्रस्त हालत में मिले। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसडीएम ने नगर पालिका अधिकारियों से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि यह स्थान नगरवासियों के लिए प्रमुख मनोरंजन केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ पहुंचते हैं। ऐसे में बुनियादी सुविधाओं की खराब स्थिति स्वीकार्य नहीं है।
एसडीएम ने पूरे परिसर का पैदल भ्रमण कर अधिकारियों को विभिन्न स्थानों पर मौजूद खामियां दिखाई। इस दौरान पार्क में लगे कई बिजली पोल जर्जर हालत में पाए गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आगंतुकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। एसडीएम ने पार्क परिसर में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वाटर कूलर स्थापित कराने को कहा। साथ ही रखरखाव और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही भी तय की जा सकती है। एसडीएम की सख्ती के बाद नगर पालिका प्रशासन में सक्रियता बढ़ गई है। वहीं स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि जल्द ही मुरली मनोहर तालाब और पार्क की व्यवस्थाओं में सुधार दिखाई देगा।
मुरली मनोहर तालाब की बदहाल व्यवस्थाओं पर सख्त हुए एसडीएम, 15 दिन में सुधार के निर्देश
