ई-रिक्शा चालक ने गर्मी से बचने के कारण लगा लिया हेलमेट

बांदा: प्रदेश के बांदा में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच एक ई-रिक्शा चालक का अनोखा उपाय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले श्रीराम प्रजापति तेज धूप और लू से बचने के लिए हेलमेट पहनकर ई-रिक्शा चला रहे हैं। सड़क पर हेलमेट लगाए ई-रिक्शा चालक को देखकर राहगीर भी हैरान नजर आए।

श्रीराम प्रजापति का कहना है कि कुछ दिन पहले लगातार धूप में काम करने की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें तेज सिरदर्द, चक्कर और उल्टी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने गर्मी से बचाव के उपाय तलाशने शुरू किए। उन्होंने बताया कि पहले वह सिर पर साफी बांधकर निकलते थे, लेकिन उससे गर्म हवा सीधे चेहरे तक पहुंच जाती थी। इसके बाद उन्होंने करीब 400 रुपये का हेलमेट खरीदा और उसे पहनकर ई-रिक्शा चलाना शुरू कर दिया। उनका दावा है कि हेलमेट पहनने से सिर पर सीधी धूप नहीं पड़ती और लू से भी काफी राहत मिलती है।


श्रीराम प्रजापति अब दूसरे ई-रिक्शा चालकों को भी गर्मी से बचाव के लिए हेलमेट पहनने की सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि तेज धूप में लगातार काम करने वाले लोगों को सिर की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

इन दिनों पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आती हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी से बचने के लिए लोग अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक बाइक पर पेड़ की टहनियों से छाया बनाकर सफर करता दिखाई दिया था। विशेषज्ञ भी लगातार लोगों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सिर को ढंककर बाहर निकलने की सलाह दे रहे हैं।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *