हमीरपुर में एनएच हादसों को लेकर प्रदर्शन पर प्रशासन सख्त, भाजयुमो जिलाध्यक्ष समेत 16 नामजद पर मुकदमा

हमीरपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और मौतों के विरोध में हुए प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन और अधिकारियों से नोंकझोंक के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिलाध्यक्ष सहित 16 नामजद और 35 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह प्रदर्शन 21 मई को विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों द्वारा आयोजित किया गया था। प्रदर्शन में भाजपा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए थे। सभी प्रदर्शनकारी आंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे थे। उनका उद्देश्य जिलाधिकारी को राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर ज्ञापन सौंपना था।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि एनएच पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावी कदम नहीं उठा रहे हैं। वहीं जिलाधिकारी द्वारा ज्ञापन न लिए जाने से नाराज कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और नोंकझोंक भी हुई।

मामले में सदर कानूनगो अशोक निगम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में भाजयुमो जिलाध्यक्ष आकाश त्रिपाठी, भाजपा नेता बउवा ठाकुर, सपा नेता युगांक मिश्रा, कांग्रेस नेता उज्ज्वल पाठक सहित कई राजनीतिक दलों के पदाधिकारी शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *