बांदा में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां रेलवे स्टेशन से एक 2 वर्षीय मासूम बच्चे का अपहरण कर लिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, लेकिन बांदा पुलिस की तेजी और सतर्कता के चलते बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शाम करीब 5:30 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि एक अज्ञात व्यक्ति बच्चे को रेलवे स्टेशन से अपने साथ ले गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बांदा के निर्देश पर थाना कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, एसओजी और अन्य टीमों को तुरंत सक्रिय किया गया। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि बच्चा अपनी मां और परिवार के साथ मुंबई जाने के लिए निकला था। परिवार को मानिकपुर स्टेशन से ट्रेन पकड़नी थी। इसी दौरान आरोपी बच्चे को लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और त्रिनेत्र ऐप की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। जांच में सामने आया कि आरोपी बच्चे को तिंदवारी रोड की ओर ले गया है। महोकर चौराहे के पास पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने बच्चे को नहर में फेंककर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान तिंदवारी निवासी किशन के रूप में हुई। पुलिस ने बच्चे को नहर से सुरक्षित बाहर निकालकर परिजनों को सौंप दिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
बांदा रेलवे स्टेशन से 2 वर्षीय बच्चे का अपहरण, पुलिस ने नहर से सकुशल बचाया
