जालौन: उरई में महोबा की नीट अभ्यर्थी दलित छात्रा के कथित अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा और मामले की न्यायिक जांच की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी जालौन के जिलाध्यक्ष अरविंद सेंगर और शहर कांग्रेस कमेटी उरई के अध्यक्ष राजकुमार वर्मा ने किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महोबा की एक दलित छात्रा, जो नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी, उसका कथित रूप से अपहरण कर लिया गया और कई दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ अमानवीय अत्याचार किए गए।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि छात्रा को करीब 16 दिनों तक प्रयागराज में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और उसे शारीरिक व मानसिक यातनाएं दी गईं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पीड़िता को सिगरेट से जलाया गया और उस पर जबरन शादी का दबाव भी बनाया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस घटना को प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल बताते हुए कहा कि महिलाओं और दलित समाज की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़िता को सुरक्षा देने की मांग की। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि अजय राय पीड़िता और उसके परिवार से मिलने महोबा पहुंचे थे। उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया था।
कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने, पीड़िता को सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगी।
16 दिन तक बंधक बनाकर NEET छात्रा से गैंगरेप, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
