बुंदेलखंड क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें मुंबई जाने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि 5 मार्च से सूबेदारगंज से लोकमान्य तिलक टर्मिनल (मुंबई) के बीच विशेष ट्रेन का संचालन शुरू किया गया है। इससे बुंदेलखंड के लोगों को सीधे मुंबई तक रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। रेलवे के अनुसार यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित की जाएगी। पहली यात्रा में ट्रेन 5 मार्च को सूबेदारगंज से दोपहर करीब 12:10 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8:50 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल, मुंबई पहुंचेगी।
यह ट्रेन बुंदेलखंड के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इनमें फतेहपुर, गोविंदपुरी, भरुआ सुमेरपुर, रागौल, बांदा, चित्रकूटधाम कर्वी, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे जैसे स्टेशन शामिल हैं। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को सीधे मुंबई तक यात्रा करने में सुविधा मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं, जिनमें सामान्य श्रेणी, स्लीपर और एसी थर्ड क्लास के डिब्बे शामिल हैं। लंबे समय से बुंदेलखंड से मुंबई के लिए सीधी ट्रेन की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है। वहीं होली के चलते कई ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ भी देखी जा रही है। इस दौरान कुछ ट्रेनों के देरी से चलने के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना भी करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनों के संचालन को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Train to mumbai, Indian railway news, subedarganj to lokmanya tilak train, indian railway special train, banda to mumbai train

