जालौन: जनपद जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ब्यौना में हुई डकैती और युवती के अपहरण के मामले में आखिरकार कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. बुधवार शाम को कोंच कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ डकैती सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मामले में ग्राम ब्यौना निवासी रघुनंदन पुत्र उजागर ने न्यायालय में वाद दायर किया था. पीड़ित का आरोप है कि 8 सितंबर की दोपहर करीब एक बजे थाना कुठौंद क्षेत्र के ग्राम हुसेपुरा निवासी शैलेंद्र सिंह, भैयालाल, पप्पू, गोलू और शत्रुघ्न, जबकि दौलतपुर निवासी प्रमोद कुमार सहित अन्य आरोपी जबरन उनके घर में घुस आए थे. पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उनके माता-पिता के साथ मारपीट की और घर में जमकर तोड़फोड़ की. इस दौरान घर में रखी अलमारी से करीब 50 हजार रुपये नकद, मां का मंगलसूत्र और अंगूठी लूट ली गई. इतना ही नहीं, आरोपियों पर रघुनंदन की भतीजी को जबरन अगवा कर अपने साथ ले जाने का भी गंभीर आरोप है.
घटना के बाद पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज न होने पर युवती के चाचा ने न्यायालय की शरण ली. न्यायालय के आदेश के अनुपालन में कोंच कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 333, 332, 324(4) और 310(2) के तहत मामला पंजीकृत किया है. कोंच कोतवाली पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
युवती को घर में घुसकर कर लिया था किडनैप, घर में रखी नकदी व जेवर लूटे, FIR दर्ज़
