झांसी: सीपरी बाजार थाना क्षेत्र से सामने आए एक गंभीर मामले ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग और साइबर अपराध की भयावह सच्चाई को उजागर कर दिया है. यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका की निजी और अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं, जिससे युवती की तय शादी टूट गई. इस घटना के बाद पीड़िता और उसका परिवार गहरे सदमे में है.
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोस्ती
पीड़िता की उम्र 21 वर्ष बताई जा रही है. युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मार्च 2025 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए दुबरा निवासी अरुण कुमार से हुई थी. बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच दोस्ती गहरी हो गई और बाद में मुलाकातें भी होने लगीं. इसी दौरान आरोपी युवक ने युवती की जानकारी के बिना उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए.
शादी तय होते ही बदला व्यवहार
कुछ समय बाद युवती के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी. 12 फरवरी 2026 को बारात आने वाली थी. शादी तय होने के बाद युवती ने आरोपी से दूरी बना ली और बातचीत बंद कर दी. शादी की जानकारी मिलते ही अरुण कुमार नाराज हो गया और अलग-अलग मोबाइल नंबरों से युवती को कॉल कर परेशान करने लगा. वह लगातार धमकियां देने लगा और शादी न करने का दबाव बनाने लगा.
अश्लील फोटो और वीडियो किए वायरल
आरोपी ने युवती को धमकी दी कि अगर उसने बात नहीं मानी तो वह उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देगा. युवती ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी अपनी जिद पर अड़ा रहा. आखिरकार आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से युवती की अश्लील तस्वीरें और वीडियो वायरल कर दिए. यह सामग्री युवती के होने वाले ससुराल पक्ष तक पहुंच गई, जिसके बाद मंगेतर ने शादी तोड़ दी.
धमकी देने का भी आरोप
शादी टूटने के बाद जब युवती के परिजनों ने आरोपी के रिश्तेदार कुनाल खरे से शिकायत की, तो उसने भी गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी. आरोपी अरुण ने भी रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़िता की तहरीर पर सीपरी बाजार थाना पुलिस ने आरोपी अरुण कुमार और उसके रिश्तेदार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है.
गर्लफ्रेंड की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर की वायरल, शादी टूटी
