जालौन: नव वर्ष के अवसर पर जालौन में प्रशासनिक संवेदनशीलता की एक सराहनीय तस्वीर सामने आई, जब जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने राठ रोड स्थित वृद्धाश्रम का दौरा किया. दोनों अधिकारियों ने वहां निवासरत बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें अंग वस्त्र और मिठाई भेंट की तथा नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं.
बुजुर्गों से संवाद, समस्याओं को गंभीरता से सुना
दौरे के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों का हालचाल जाना. उन्होंने बुजुर्गों की दिनचर्या, स्वास्थ्य स्थिति, खानपान और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली. बुजुर्गों ने अपने अनुभवों के साथ कुछ समस्याएं भी साझा कीं, जिन्हें अधिकारियों ने गंभीरता से सुना.
सुविधाओं में सुधार के दिए निर्देश
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों को वृद्धाश्रम में मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने आश्वासन दिया कि बुजुर्गों के सम्मानजनक जीवन के लिए प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा. इस दौरान बुजुर्गों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मिले सम्मान पर खुशी जताई और उन्हें दीर्घायु, स्वस्थ जीवन और सफल कार्यकाल के लिए आशीर्वाद दिया.
वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक अनुभव, संस्कार और मूल्यों की जीवंत धरोहर होते हैं. उनका सम्मान और देखभाल केवल शासन-प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है.
सेवा से हो नव वर्ष की शुरुआत: पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि नव वर्ष की शुरुआत यदि सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ की जाए, तो यह समाज में सकारात्मक संदेश देती है. उन्होंने ऐसे प्रयासों को प्रेरणादायी बताते हुए निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया.
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के. के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटौरिया, समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे.
DM और SP जालौन ने कुछ ऐसे मनाया नया साल, बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद
