नए साल पर जश्न में डूबा बुंदेलखंड, पुलिस की चप्पे-चप्पे पर नज़र, दे दी ये सख्त हिदायतें

बुंदेलखंड में जैसे ही घड़ी ने रात 12.01 का समय छुआ, पूरा शहर नए साल 2026 के स्वागत में झूम उठा. चारों ओर आतिशबाजी, संगीत और उत्साह का माहौल दिखाई दिया. जिन लोगों ने पहले से न्यू ईयर पार्टी की प्लानिंग कर रखी थी, वे तयशुदा वेन्यू पर पहुंचकर देर रात तक जश्न मनाते नजर आए. हरियाणवी और बॉलीवुड गानों पर युवक-युवतियों ने जमकर डांस किया. 

होटल और रेस्टोरेंट में सजी थीम पार्टियां
नए साल के मौके पर झांसी के प्रमुख होटल और रेस्टोरेंट पूरी तरह सज-धज कर तैयार थे. मॉलिक्यूल, झांसी होटल, नटराज सरोवर पोर्टिको, लेमन ट्री सहित कई प्रतिष्ठानों में अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों के लिए थीम आधारित पार्टियों का आयोजन किया गया. 

डीजे, डिस्को लाइट और ग्लैमर का जलवा
डीजे की तेज धुन, रंग-बिरंगी डिस्को लाइट और सजे-संवरे डांस फ्लोर ने युवाओं को अपनी ओर आकर्षित कर लिया. जैसे ही लोग वेन्यू में पहुंचे, खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए. कई स्थानों पर देशी-विदेशी कलाकारों की प्रस्तुतियां भी रहीं. ठंड के बावजूद फैशन और ग्लैमर का असर साफ दिखाई दिया, मानो सर्दी का कोई असर ही न हो. 

हुड़दंग रोकने के लिए पुलिस अलर्ट
न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए झांसी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही. शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और होटल्स के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया. लगातार वाहनों की चेकिंग की जाती रही, ताकि नशे में वाहन चलाने वालों पर नजर रखी जा सके. 

शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने आमजन से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति नए साल के जश्न में शराब का सेवन करता है तो वाहन चलाने से परहेज करे. उन्होंने कहा कि सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. 

रातभर पुलिस की गश्त
शहर के प्रमुख इलाकों, खासकर इलाइट चौराहा और उसके आसपास नवाबाद थाना पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती. थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल इलाइट चौराहा से लेकर किले तक गश्त करता रहा. रात करीब 12.45 बजे कुछ दुकानों के खुले होने और शराब के नशे में शोर मचाने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवकों को वहां से हटाया और दुकानों को बंद कराया. 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *