अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का सख्त एक्शन, बुंदेलखंड रिपोर्ट की खबर का दिखा असर

जालौन: नगर में लंबे समय से चले आ रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ आखिरकार प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. सड़क किनारे फैले बिल्डिंग मटेरियल और अन्य अतिक्रमणों पर व्यापक अभियान चलाकर प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस कार्रवाई से पूरे नगर में हड़कंप की स्थिति देखी गई. 

गौरतलब है कि बुंदेलखंड रिपोर्ट ने पिछले दिनों नगर में फैल रहे अवैध अतिक्रमण और उससे आम जनता को हो रही परेशानी को प्रमुखता से उजागर किया था. खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और इसके ठोस परिणाम अब सामने आने लगे हैं. 



अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व एसडीएम हेमंत कुमार पटेल ने किया. उनके साथ क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र कुमार वाजपेई, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी सुशील कुमार दोहरे तथा जेई प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे. अभियान के दौरान जालौन नगर के सभी बिल्डिंग मटेरियल के थोक विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपना माल सड़क पर न फैलाएं और तय मानकों व सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें. 

प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी भी व्यापारी या व्यक्ति द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह अभियान जालौन कोतवाली नगर क्षेत्र के चुंगी नंबर चार सहित आसपास के इलाकों में चलाया गया. इस कार्रवाई से आम नागरिकों में राहत की उम्मीद जगी है. लोगों का कहना है कि सड़कों पर अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था. वहीं, प्रशासन की सख्ती से अतिक्रमण करने वालों में खलबली मची हुई है. 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *