जालौन में महिला व उसकी पुत्री के साथ अश्लील हरकत व मारपीट, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

जालौन: थाना कदौरा क्षेत्र की एक महिला, उसकी पुत्री और देवरानी के साथ दबंगों द्वारा अश्लील हरकत, गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है. 

पीड़िता के अनुसार, 22 दिसंबर 2025 की शाम करीब 5:30 बजे वह अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी, तभी पड़ोस के अमित व रोहित पुत्रगण राजकुमार निवासी ग्राम बबीना तथा अंकित पुत्र गुलजारी निवासी ग्राम खिरवा थाना कुरारा (हमीरपुर) ने उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए गंदी गालियां दीं. विरोध करने पर आरोपियों ने एकराय होकर महिला को पकड़ लिया और अभद्रता करने लगे. 

महिला के शोर मचाने पर उसकी पुत्री मौके पर पहुंची और बचाने का प्रयास किया. आरोप है कि जब पुत्री ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसका मोबाइल छीनकर फेंक दिया और उसके साथ भी मारपीट व अश्लील हरकतें कीं. इसी दौरान महिला की देवरानी भी मौके पर पहुंचीं, जिन्हें भी आरोपियों ने पीट दिया. मारपीट में महिला के सिर व कमर, पुत्री के कान व हाथ तथा महिला के आंख, कमर व सिर में गंभीर चोटें आई हैं. आरोपियों ने कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी भी दी. 

पीड़िता का कहना है कि इससे पहले भी 20 दिसंबर 2025 की रात इसी तरह की घटना हो चुकी है, जिसकी सूचना थाना कदौरा को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. 112 नंबर पर कॉल करने और थाने में प्रार्थना पत्र देने के बाद केवल चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिससे आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं.

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक जालौन से मांग की है कि थाना कदौरा को मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएं, क्योंकि वह अपनी पुत्री के साथ अकेली रहती है और किसी भी समय अप्रिय घटना की आशंका है. अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक ठोस कदम उठाता है. 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *