जालौन: मनरेगा योजना का नाम बदले जाने के प्रस्ताव को लेकर जालौन जनपद में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. दिनांक 22 दिसंबर 2025 को जिला मुख्यालय उरई स्थित गांधी चबूतरा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के इस फैसले को जनविरोधी बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की.
प्रदर्शन के दौरान “गांधी जी अमर रहें” और भाजपा विरोधी नारे लगाए गए. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी मनरेगा योजना केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों के रोजगार और सम्मान का प्रतीक है. इसका नाम बदलना गांधी के विचारों और देश के गरीब, मजदूर और किसानों के अधिकारों का अपमान है. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार राजनीतिक एजेंडे के तहत जनहितकारी योजनाओं के नाम बदल रही है, जिससे आम जनता की मूल समस्याओं से ध्यान हटाया जा सके. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस निर्णय को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगी और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
मनरेगा क्या है?
मनरेगा यानी महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम देश की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना है. इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में हर परिवार को साल में 100 दिन का रोजगार देने की कानूनी गारंटी दी जाती है. इसका उद्देश्य ग्रामीण बेरोजगारी कम करना, पलायन रोकना और गरीब परिवारों की आय में स्थिरता लाना है. यह योजना वर्षों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाती रही है.
सरकार नाम क्यों बदल रही है?
सरकार का तर्क है कि योजनाओं का नाम स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप होना चाहिए. इसी के तहत मनरेगा का नाम बदलकर “जी राम जी” किए जाने की चर्चा सामने आई है. हालांकि विपक्ष का कहना है कि यह फैसला विकास से अधिक राजनीति से प्रेरित है और इससे योजना की मूल भावना को ठेस पहुंचेगी.
प्रदर्शन में अय्यूब अंसारी, आदित्य कुमार मिश्रा, सीताराम वर्मा, रामकिशोर पुरोहित, राघवेंद्र तिवारी, बृजलाल खबरी, राजेश प्रजापत, कमल दोहरे, रेहान सिद्दीकी, जमुनादास अहिरवार, हाजी आला, मीडिया प्रभारी अतीक खान, नफीस पठान, शकुंतला पटेल, नीतू पटेल, संतोष ठाकुर, शैलेन्द्र व्यास, मुन्ना खान, जावेद खान, रामकुमार गुप्ता, कमला देवी, मोहित कुमार, मेराज खान, शब्बीर हसन, चौधरी श्याम सुंदर, लाखन वैरागी, हृदेश वर्मा, देशराज वर्मा, माइकल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, गांधी चबूतरा पर दिखा आक्रोश
