दतिया में अवैध हथियारों की तस्करी करते 4 बदमाश पकड़े, बड़वानी से लायी गयीं थीं पिस्टलें

दतिया: जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी पर करारा प्रहार करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. जिगना थाना पुलिस और एसडीओपी बड़ौनी की संयुक्त टीम ने सफेद अर्टिगा कार से पांच अवैध पिस्टल बरामद कर चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया. तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है. पुलिस को 21 दिसंबर की शाम गोपनीय सूचना मिली थी कि करैरा की ओर से दतिया की तरफ एक सफेद अर्टिगा कार (MP 07 ZQ 9953) में अवैध हथियार लेकर कुछ लोग आ रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए ग्राम कमरारी तिराहे पर तत्काल चेकिंग अभियान शुरू किया गया. 

चेकिंग के दौरान पकड़ी गई संदिग्ध कार
चेकिंग के दौरान बगेदरी की ओर से आती अर्टिगा कार को पुलिस ने रोका. कार में सवार चार युवकों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया और विधिवत तलाशी ली गई. 

तलाशी में हथियारों का जखीरा बरामद
तलाशी के दौरान जितेंद्र सेन, सोनू शर्मा और प्रिंस उर्फ विशाल बुंदेला के पास से एक-एक अवैध पिस्टल मिली. वहीं बांबी राजा बुंदेला के पास से दो अवैध पिस्टल बरामद की गईं. इस प्रकार कुल पांच अवैध पिस्टल पुलिस के कब्जे में आईं. 

साढ़े 12 लाख का सामान जब्त
पुलिस के अनुसार जब्त हथियारों और अर्टिगा वाहन की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है. आरोपियों से हथियारों का वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका. 

बड़वानी से दतिया लाए जा रहे थे हथियार
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि सभी पिस्टलें ग्राम मैइदा, जिला बड़वानी (सेंधवा) से खरीदी गई थीं और दतिया लाई जा रही थीं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसे सप्लाई किए जाने थे और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है. 

पुराना आपराधिक इतिहास भी उजागर
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोनू शर्मा पर पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं बांबी राजा बुंदेला के खिलाफ 11 गंभीर अपराध पंजीबद्ध हैं, जिनमें हत्या और हत्या के प्रयास जैसे संगीन अपराध शामिल हैं. 

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे हथियार तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है. 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *