झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक दर्दनाक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां रेलवे में TTE के पद पर तैनात युवक की पत्नी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की शादी को अभी महज 10 महीने ही हुए थे. मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार को इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई.
मृतका की पहचान 25 वर्षीय काजल पटेल के रूप में हुई है. काजल की शादी 24 फरवरी 2025 को जालौन जिले के घगुवा कलां गांव निवासी भुवनेंद्र पटेल से हुई थी. भुवनेंद्र झांसी रेल मंडल में TTE (ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर) के पद पर कार्यरत है. शादी के बाद दोनों सीपरी बाजार के मिशन कम्पाउंड मोहल्ले में रह रहे थे.
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह काजल और उसके पति के बीच वॉट्सऐप चलाने को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद भुवनेंद्र ड्यूटी पर चला गया. इसी दौरान काजल ने जहर खा लिया. हालत बिगड़ने पर ससुराल पक्ष उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
हालांकि, मृतका के मायके पक्ष ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. काजल के फूफा अरविंद कुमार का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले कार की मांग कर रहे थे. मांग पूरी न होने पर काजल को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. उन्होंने आशंका जताई कि काजल ने जहर खुद खाया या उसे जबरदस्ती दिया गया, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद काजल का मोबाइल फोन भी उन्हें नहीं दिया गया, जिससे संदेह और गहरा गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह मामला अब वॉट्सऐप विवाद और दहेज प्रताड़ना के बीच उलझता नजर आ रहा है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा.
पति ने व्हाट्सएप चलाने से मना किया तो पत्नी ने ज़हर खाकर दे दी जान!
