झांसी: बरुआसागर कस्बे स्थित प्रसिद्ध मनसिल माता मंदिर में सेवा करने वाले पुजारी विशाल की हत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है. मंदिर परिसर में जीजा-साले द्वारा की गई यह वारदात 2 दिसंबर की रात हुई थी, जिसका CCTV फुटेज 6 दिसंबर को सामने आया. फुटेज में दोनों आरोपी पुजारी पर बेरहमी से वार करते दिख रहे हैं.
हमले के बाद पुजारी की हालत बिगड़ी, इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल पुजारी को पहले झांसी मेडिकल कॉलेज और फिर ग्वालियर रेफर किया गया, जहां शनिवार को उनकी मौत हो गई. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है. गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.

सात बिंदुओं में समझिए हत्या की पूरी कहानी
1. तीन साल से मंदिर में सेवा कर रहे थे पुजारी विशाल
22 वर्षीय विशाल बरुआसागर कस्बे का रहने वाला था. वह करीब तीन साल से मनसिल माता मंदिर में पूजा-पाठ और हवन का कार्य कर रहा था.
2. आरोपी बाला की दुकान मंदिर के बाहर, भाई सब्जी का ठेला लगाता है
जिस बाला पर हत्या का आरोप है, उसकी दुकान मंदिर के बाहर ही है. उसका छोटा भाई सब्जी बेचता है.
3. पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
कुछ समय पहले बाला और पुजारी विशाल के बीच विवाद हुआ था. परिजनों का कहना है कि इसके बाद बाला मनमुटाव रखता था.
4. 2 दिसंबर की रात आरोपी बाला और उसका जीजा सलिल पहुंचे मंदिर
रात लगभग 8 बजे विशाल पूजा की तैयारी कर रहे थे. तभी बाला अपने जीजा सलिल को साथ लेकर मंदिर के बाहर आया.
5. पुजारी को बाहर बुलाकर गाली-गलौज और मारपीट
बाला ने विशाल को बाहर आने के लिए आवाज दी. बाहर आते ही दोनों झगड़ा करने लगे और बाला ने पुजारी को पीटने की कोशिश की. भीड़ लगने पर लोग बीच-बचाव करने आए.
6. गला घोंटने की कोशिश, लोगों ने छुड़ाया
दोनों आरोपी पुजारी का गला दबाकर हमला करना चाहते थे, लेकिन मौजूदा पुजारी चिंटू कुशवाहा और अन्य लोगों ने किसी तरह विशाल को बचा लिया.
7. मंदिर में भीतर जाकर फिर हमला, सिर पर लोहे के स्टैंड से वार
भीड़ के हटने के बाद विशाल को मंदिर के अंदर लिटाया गया. तभी बाला दोबारा अंदर आया और लोहे का माइक स्टैंड उठाकर पुजारी के सिर पर लगातार वार करने लगा. इससे विशाल के सिर से तेजी से खून बहने लगा और वह बेहोश हो गया.
मुख्य पुजारी ने बताया — “कुछ समझ पाते, उससे पहले हमला कर दिया”
मुख्य पुजारी सुरेश दाऊ ने बताया कि विशाल बेहोश था और चिंटू उसे होश में लाने की कोशिश कर रहा था. तभी बाला अचानक अंदर घुसा और माइक स्टैंड से दो-तीन वार कर दिए. जब तक लोग उसे रोक पाते, वह पुजारी को गंभीर चोट पहुंचा चुका था.
इलाज के दौरान मौत, परिवार में मातम
पुजारी विशाल की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. शव घर पहुंचते ही परिजन रो पड़े. विशाल की चचेरी बहन रजनी ने बताया कि वह शांत स्वभाव का था और हर दिन पूजा करके सीधे घर लौट आता था. उसका किसी से कोई विवाद नहीं था. 
पुलिस का बयान — “दोनों आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे”
बरुआसागर थाना प्रभारी राहुल राठौर ने कहा कि बालाराम उर्फ बाला और उसके जीजा सलिल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. दोनों की तलाश में दबिश दी जा रही है. गिरफ्तारी के बाद हत्या की असली वजह सामने आएगी.


