झांसी: झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में दलित युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है. बदमाशों ने युवक को सिगरेट पिलाने के बहाने घर ले जाकर चप्पलों, लात-घूंसों और डंडों से बुरी तरह पीटा. इतना ही नहीं, तमंचा सटाकर धमकाया और कपड़े उतरवाने की कोशिश की. वारदात का वीडियो आरोपियों ने खुद शूट किया, जो 22 नवंबर की घटना के बाद आज सामने आया है.
पीड़ित बोला– हाथ जोड़ता रहा, आरोपी नहीं माने
पीड़ित युवक का कहना है कि वह प्राइवेट काम करता है. 22 नवंबर को वह राजगढ़ स्थित गोस्वामी रेस्टोरेंट के पास खड़ा था, तभी निशांत सक्सेना, सुकृत और कनिष्क वहां आए. सिगरेट पीने के बहाने वह युवक को स्कूटी पर बैठाकर ले गए. दुकान की जगह वे सीधे निशांत सक्सेना के घर पहुंचे, जहां भानू पाल और रविंद्र पहले से मौजूद थे. इसके बाद सभी ने मिलकर युवक को लात-घूंसों और डंडों से पीटना शुरू कर दिया. वीडियो बनाने वाले रविंद्र ने जातिसूचक गालियां दीं और धमकाया. पीड़ित कभी हाथ जोड़कर, कभी कान पकड़कर छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी नहीं माने. उन्होंने पीड़ित से अपने दोस्त के पैर भी छुवाए.
4 सेकेंड में 10 चप्पल, तमंचा सटाकर धमकाया
वीडियो में दिखता है कि आरोपियों ने युवक को चार सेकेंड में 10 चप्पल मारीं. लात-घूंसों की बौछार की और तमंचा सटाकर धमकाया. वारदात का पूरा वीडियो आरोपियों ने खुद शूट किया, जो अब वायरल हो रहा है.
वीडियो सामने आने पर पुलिस हरकत में
वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित ने प्रेमनगर थाने में शिकायत दी. पुलिस ने SC/ST एक्ट और BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि तीन आरोपी—सुकृत, आनंद नायक और कनिष्क अहिरवार—को गिरफ्तार कर लिया गया है. मुख्य आरोपी निशांत सक्सेना अभी फरार है, उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. मारपीट की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है.
झांसी में दलित युवक को 4 सेकेंड में 10 चप्पलें मारी, तमंचा सटाकर बोला- नंगे हो
