जालौन: उरई के राठ रोड स्थित विजय विक्रम रिसोर्ट में रविवार देर रात एक शादी समारोह में अचानक हंगामा हो गया. बताया गया कि बारात पहुंचने के बाद डीजे पर डांस चल रहा था, तभी कुछ युवकों ने महिलाओं के साथ अभद्रता कर माहौल बिगाड़ दिया.
महिलाओं से छेड़छाड़ का विरोध करने पर हमला
जानकारी के मुताबिक, उरई के दौलतपुरा (रगेदा) निवासी सर्वेश पाल अपने 15 से 20 साथियों के साथ डीजे के पास पहुंचा.
आरोप है कि समूह ने डांस कर रहीं महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की. जब परिजनों ने विरोध किया, तो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए दूल्हे की बुआ राखी अहिरवार के बेटों, भाइयों और अन्य रिश्तेदारों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया.
कई बाराती घायल, पुलिस ने की कार्रवाई
मारपीट में कई बाराती घायल हुए, जिनका बाद में अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया. सूचना मिलते ही उरई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. 
एक नामजद और 20 अज्ञात पर गंभीर धाराओं में FIR
पीड़ित पक्ष की ओर से दूल्हे की बुआ राखी अहिरवार ने तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने सर्वेश पाल को नामजद करते हुए 15-20 अज्ञात युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
आरोपियों की तलाश जारी
उरई कोतवाली प्रभारी हरिशंकर का कहना है कि नामजद व अज्ञात सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस टीम दबंगों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है.
विजय विक्रम पैलेस कांड: मारपीट मामले में एक नामज़द समेत 20 के ख़िलाफ़ FIR
