जल्दी घर पहुंचने के चक्कर में चली गयी तीन दोस्तों की जान, गांव में मातम

जालौन: जिले के सिरसा कलार थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. हथना बुजुर्ग गांव के तीन किशोर— अंशुमान परिहार (18), अंकित साकवार (17) और कृष्ण कुमार विश्वकर्मा (17)— यज्ञ-भागवत कथा के भंडारे से लौट रहे थे. सभी एक ही बाइक पर सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था. जल्दी घर पहुंचने की जल्दी में तीनों ने मुख्य सड़क की बजाय कच्चा रास्ता पकड़ा. रास्ते में बने गहरे गड्ढों और अंधेरे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर उछल गई और सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जोरदार टक्कर हो गई. 

टक्कर इतनी भीषण कि बाइक के परखच्चे उड़ गए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना तेज था कि तीनों किशोर सिर के बल पोल से टकरा गए. सभी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे तड़पते रहे. घटनास्थल पर पहुंचने वाले ग्रामीणों ने तुरंत उनकी चीखें सुनकर परिजनों और ग्राम प्रधान को सूचना दी. 

 

अस्पताल ले जाते समय तीनों की मौत
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी परमेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस बुलवाई. तीनों को जिला मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही तीनों ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने रात में ही शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए. 

गांव में मातम, सड़क की बदहाल स्थिति पर उठे सवाल
एक साथ तीन युवाओं की मौत से हंथना बुजुर्ग गांव में कोहराम मच गया.परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों का कहना है— कच्चे रास्ते पर पूरी तरह अंधेरा रहता है. यहां कोई स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है. कई जगह बड़े गड्ढे बने हैं, जिससे आए दिन हादसे होते हैं. ग्रामीण कई बार इस मार्ग के पक्केकरण की मांग कर चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है. 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *