झांसी में भाजपा के नवीन जिलाध्यक्ष बोले: SIR को लेकर बनाना है माहौल

झांसी: झांसी जिले में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा बदलाव करते हुए सुधीर सिंह को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है. घोषणा सामने आते ही पार्टी कार्यालय में उत्साह की लहर दौड़ गई. समर्थक और कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ पहले से ही कार्यालय पहुंच चुके थे. सुधीर सिंह के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और लगातार जयकारों के बीच उन्हें कंधों पर उठा लिया. उन्होंने कहा कि वे वर्षों से पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को करते आ रहे हैं. अब उन्हें SIR अभियान में मज़बूत माहौल तैयार करना है. जो उनकी प्राथमिकता होगी.

जिम्मेदारी नहीं, भरोसे की पुनर्पुष्टि: सुधीर सिंह 
नियुक्ति के बाद सुधीर सिंह ने कहा कि यह पद भले ही नया हो, लेकिन काम वही है जिसे वह वर्षों से करते आ रहे हैं. उनका कहना था कि पार्टी ने जब भी कोई दायित्व दिया, उन्होंने उसे पूरे समर्पण के साथ निभाया है. अब उनकी प्राथमिकता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और एसआईआर अभियान को गति देना है. 

लंबे समय से पर्दे के पीछे सक्रिय, अब अग्रिम पंक्ति में
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार जिलाध्यक्ष की दौड़ में सुधीर सिंह का नाम सामने नहीं आ रहा था, इसलिए यह चयन कई लोगों के लिए अप्रत्याशित साबित हुआ. संगठन के एक वरिष्ठ सदस्य के अनुसार, वे लंबे समय से पीछे रहकर संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय थे. छात्र राजनीति से लेकर व्यापारी संगठनों तक उनका दायरा मजबूत माना जाता है, जिसे देखते हुए पार्टी ने उन्हें जिले की कमान सौंपने का फैसला लिया. 

घोषणा होते ही रातों-रात सजा कार्यालय 
उनके नाम की पुष्टि होते ही समर्थकों ने पोस्टर-बैनर तैयार कर पार्टी कार्यालय को सजाना शुरू कर दिया. गुरुवार सुबह जब सुधीर सिंह कार्यालय पहुंचे, तो माहौल पहले से ही उत्सव जैसा था. युवा कार्यकर्ता बैंड-बाजे लेकर मौजूद थे और लगातार नारेबाजी जारी रही. 



About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *