जालौन में पोलियो राउंड की तैयारी तेज, कम कवरेज वाले क्षेत्रों पर DM की सख्त निगरानी

जालौन: जालौन में आगामी पल्स पोलियो एस.एन.आई.डी. राउंड की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की. पिछले राउंड में उरई अर्बन, चिरैया, कदौरा, जालौन अर्बन, पिंडारी और कोंच अर्बन जैसे कई क्षेत्रों में बूथ कवरेज 60 प्रतिशत से नीचे पाया गया था, जिसे डीएम ने बेहद चिंताजनक बताते हुए कठोर निर्देश जारी किए. 

डीएम ने कहा कि इस बार किसी भी स्थिति में कम कवरेज की पुनरावृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी. उरई अर्बन के 12 वार्डों में मिले 525 ‘गिरिड घर’ पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि सर्वे के दौरान एक भी eligible घर छूटना अस्वीकार्य होगा. अभियान की कड़ी मॉनिटरिंग के लिए 186 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है. डीएम ने एसडीएम को कम कवरेज वाले इलाकों में औचक निरीक्षण करने और ब्लॉक स्तर की शामकालीन बैठकों में स्वास्थ्य, शिक्षा, ICDS और पंचायत विभागों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. 

माइक्रोप्लानिंग पूरी करने का आदेश 
डीएम ने देश को पोलियो-मुक्त बनाए रखने के लिए शत-प्रतिशत कवरेज को अत्यंत आवश्यक बताया और 16 से 23 नवंबर तक माइक्रोप्लान का पुनरीक्षण हर हाल में पूरा करने का आदेश दिया. 8 दिसंबर तक सभी इकाइयों से अद्यतन माइक्रोप्लान जिले में जमा कराना अनिवार्य होगा. दिसंबर के पहले सप्ताह में वैक्सीन देने वाली टीमों व सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण डब्ल्यूएचओ की निगरानी में संपन्न होगा. जनजागरूकता बढ़ाने के लिए 13 दिसंबर को जिला अस्पताल उरई से पोलियो जागरूकता रैली निकाली जाएगी. 


14 दिसंबर को बूथ दिवस, 590 टीमों द्वारा घर-घर दवा पिलाने की तैयारी
जिलाधिकारी ने बताया कि 14 दिसंबर को जिले भर के 1188 केंद्रों पर बूथ दिवस मनाया जाएगा, जहां 0 से 5 वर्ष तक के 2,19,356 बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी. 15 से 19 दिसंबर के बीच कुल 590 टीमें घर-घर जाकर छूटे बच्चों को दवा पिलाएंगी. 22 दिसंबर को बी-टीम द्वारा अंतिम कवरेज सुनिश्चित किया जाएगा.



About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *