जालौन: दिल्ली में हुए धमाके के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी है. इसी बीच बुधवार को जनपद जालौन के उरई जेल रोड स्थित अमन रॉयल गेस्ट हाउस के पास एक लावारिस कार मिलने से हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कार (DL 3CBP4057) कई दिनों से उसी स्थान पर खड़ी थी. उस पर धूल जमी हुई थी. संदिग्ध स्थान पर खड़ी थी.संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

सूचना पर कोतवाली उरई के जेल चौकी प्रभारी अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और संदिग्ध कार की जांच शुरू की. पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक की जानकारी जुटाई. जांच में सामने आया कि यह कार दिल्ली निवासी कार्तिक शर्मा के नाम पंजीकृत है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की सभी खिड़कियां बंद थीं और भीतर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था. जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. पुलिस ने जांच के बाद वाहन को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया.
जेल चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध या लावारिस वाहन की जानकारी मिले तो सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके.उन्होंने वाहन मालिकों को चेतावनी भी दी कि यदि किसी ने सार्वजनिक स्थान पर वाहन लावारिस छोड़ा, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

