जालौन: शासन की पारदर्शी व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाले सीएससी केंद्रों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है. कोंच तहसील क्षेत्र के जुहारपुरा सहकारी समिति में कार्यरत एक कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) ऑपरेटर द्वारा किसानों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ज्योति सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की. जांच के दौरान ऑपरेटर को रंगे हाथ अधिक शुल्क वसूलते हुए पकड़ा गया.
एसडीएम ज्योति सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित ऑपरेटर इसरार का सीएससी लाइसेंस निलंबित करने के निर्देश दिए. साथ ही जिन किसानों से अतिरिक्त धनराशि वसूली गई थी, उन्हें मौके पर ही उनकी राशि वापस कराई गई. एसडीएम ने बताया कि शिकायत में कहा गया था कि किसान रजिस्ट्रेशन के लिए निर्धारित 30 रुपये की जगह 50 रुपये लिए जा रहे हैं. जब टीम मौके पर पहुंची तो यह आरोप सही पाया गया. उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने क्षेत्र के सभी सीएससी संचालकों को चेतावनी दी कि कोई भी कर्मचारी यदि निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलते या सेवा में लापरवाही करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. एसडीएम ज्योति सिंह ने किसानों से अपील की कि वे सरकारी सेवाओं का लाभ लेते समय निर्धारित शुल्क से अधिक भुगतान न करें और यदि किसी केंद्र पर अनियमितता नजर आए तो तुरंत तहसील प्रशासन को सूचित करें. इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र के अन्य सीएससी केंद्रों पर भी प्रशासन की सख्ती और सतर्कता बढ़ा दी गई है.
CSC ऑपरेटर किसानों से वसूल रहा था मनमानी फीस, SDM ने की कार्रवाई
