जालौन: स्थानीय कृषि उपज मंडी परिसर में लंबे समय से फैले अतिक्रमण पर प्रशासन ने आज बड़ी कार्रवाई की. मंडी प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से अवैध कब्जों को हटवाया, जिससे मंडी क्षेत्र में बनी अव्यवस्था और जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.
कई बार नोटिस देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने सख़्ती दिखाई. मंडी सचिव रवि कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का मुख्य उद्देश्य किसानों की सुविधा बढ़ाना है, ताकि धान की भारी आवक के दौरान मंडी में सहज तरीके से खरीद-बिक्री हो सके. अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य, मंडी सचिव रवि कुमार, मंडी सुपरवाइजर अंकित कुमार, राघवेन्द्र सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा. संयुक्त कार्रवाई से मंडी परिसर में फैली अव्यवस्था पर काबू पाया गया.
स्थानीय किसानों और व्यापारियों ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि अब मंडी में आवागमन सुचारू रहेगा और कामकाज तेज़ी से हो सकेगा. मंडी प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मंडी परिसर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान. प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, किसानों को मिलेगी राहत
