रामपुरा कस्बे के भाटिया गली में शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि बात गोली चलने तक पहुंच गई. इस घटना में एक युवक के पैर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह
जानकारी के मुताबिक मई गांव निवासी आशुतोष उर्फ छोटे (21) अपने भाई विनय और साथी अंकित पाल के साथ डीजल लेने रामपुरा गया था. इसी दौरान उसका सामना विरोधी पक्ष से हो गया, जिनसे पहले से पुरानी रंजिश चल रही थी. थोड़ी देर में कहासुनी शुरू हो गई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया. घटना की शुरुआत शुक्रवार को हुई थी. जब दीपक ने आशुतोष के मामा के लड़के अनमोल के साथ मारपीट कर दी थी. उसी पुरानी रंजिश के चलते यह घटना हुई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दीपक ठाकुर और उसके साथी अभिनय राठौर ने पिस्टल निकाल ली. जब लोगों ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की, तभी दीपक ने गोली चला दी, जो सीधे आशुतोष के पैर में जा लगी. मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए.
इलाज और पुलिस की कार्रवाई
घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. घटना की सूचना मिलते ही सीओ माधौगढ़ अंबुज यादव और थाना प्रभारी रजत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि गोली चलाने वाले आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. दोनों आरोपी घटना के बाद फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है.
स्थानीय लोगों में दहशत, पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द पकड़ा जाए ताकि इलाके में फिर से शांति बहाल हो सके. पुलिस ने बताया कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है.
जालौन में दो पक्षों के बीच झगड़ा गोलीबारी में बदला, युवक गंभीर रूप से घायल
