हादसे में कार की हुई ऐसी हालत कि… मचा हड़कंप

जालौन: जनपद में गुरुवार दोपहर लगभग 3:30 बजे उरई–जालौन मार्ग पर ग्राम पंचायत गायर कट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. झांसी से लौट रहे एक परिवार की चार पहिया कार अचानक खाई में जा गिरी, जब सामने से गोवंश सड़क पर आ गया. इस हादसे में एक पुरुष, दो महिलाएं और एक छह माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं. 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी संख्या UP92 AK 7559 उरई से जालौन की ओर जा रही थी. तभी ग्राम पंचायत गायर के पास बने कट पर अचानक गोवंश सड़क पर दौड़ पड़ा, जिससे वाहन चालक संतुलन खो बैठा और कार सड़क किनारे बनी गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना जोरदार था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरातफरी मच गई. 

घटना के तुरंत बाद राहगीर मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया. सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण किया. घायल व्यक्तियों को एंबुलेंस की सहायता से मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. 

घायलों की पहचान इस प्रकार हुई —
🔹 आकाश पुत्र राजेश (30 वर्ष), निवासी ग्राम कुठौंद
🔹 शिवानी पत्नी आकाश (28 वर्ष)
🔹 जया पुत्री राजेश (25 वर्ष)
🔹 अक्षता पुत्री आकाश (उम्र लगभग 6 माह)

स्थानीय लोगों ने बताया कि ग्राम गायर कट पर किसी भी प्रकार के चेतावनी बोर्ड या दिशा सूचक चिन्ह नहीं लगाए गए हैं, जिससे आने-जाने वाले वाहन चालकों को पता नहीं चल पाता कि आगे मोड़ या कट है. यही कारण है कि इस स्थान पर हादसों की संभावना लगातार बनी रहती है. 

ग्रामीणों ने बताया कि सीसी रोड और खाई के बीच कोई सुरक्षा बैरिकेड या रिफ्लेक्टर नहीं लगाए गए हैं, जिससे रात और दिन दोनों समय वाहन चालक अनजान रहते हैं. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस कट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, चेतावनी बोर्ड और स्पीड ब्रेकर जल्द से जल्द लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके. इस हादसे ने एक बार फिर से सड़क सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. गायर कट पर हो रहे हादसे यह दर्शाते हैं कि प्रशासन की लापरवाही किसी भी वक्त बड़ा हादसा बन सकती है. 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *