जालौन: जिले के कोंच में हुए चर्चित होटल गोलीकांड मामले में पुलिस ने भाजपा नेता और उसके बेटे समेत कुल तीन लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति और होटल आशीर्वाद के मालिक देवेंद्र निरंजन, उनके बेटे हिमांशु निरंजन और होटल के एक बाउंसर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है. घटना बुधवार देर रात की है, जब होटल के एक कमरे में बावर्ची महेश का शव खून से लथपथ बेड पर मिला था. उसके सीने में गोली धंसी हुई थी. जांच में पता चला कि गोली हिमांशु की लाइसेंसी बंदूक से चली थी. पुलिस का कहना है कि घटना के हालात संदिग्ध हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
मृतक की पत्नी नन्दनी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देते हुए आरोप लगाए कि महेश अहिरवार निवासी भाण्डेर नई बस्ती मध्य प्रदेश जिला दतिया की मूल निवासी है. प्रार्थिनी का पति महेश अहिरवार S/O बाबू लाल कोंच आशिर्वाद होटल का कार्य करना अच्छी तरह से जानता था. हिमांशु निरंजन ने महेश से कहा कि तुम हमारे होटल में हमेशा के लिये काम पर लग जाओ, तो हमारा होटल अच्छा चलेगा. महेश ने होटल पर हमेशा के लिये काम करने से मना कर दिया तो हिमांशु निरंजन ने ये सब बातें अपने पिता देवेन्द्र निरंजन उर्फ छुन्ना को बताई.
देवेन्द्र निरंजन ने अपने बेटे से कहा कि साला चमरा न माने तो उसको डरा धमकाकर काम पर रखो अगर फिर भी न माने तो उसको गोली से मार देना. ये सब बातें महेश ने अपने घरवालों को फोन पर बताई थीं, घटना दिनांक 29/10/2025 समय रात्रि में महेश होटल में काम कर रहा था. हिमांशु पुत्र देवेन्द्र निरंजन पूर्व जिलापंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि व गनर संदीप व अज्ञात तीन चार लोग होटल में आए और महेश को डराने धमकाने लगे, कि साले चमरा वाले तुमको हमारे होटल में हमेशा के लिए काम करना पड़ेगा. क्योंकि मेरे पिता ने मुझको ये सब बातें कही हैं.
महेश ने फिर मना किया कि हमेशा काम नहीं करूंगा तो हिमांशू निरंजन व अज्ञात लोगों ने मारना पीटना शुरू कर दिया तभी हिमांशू ने बन्दूक से गोली मार दी. जिससे गोली लगने से महेश की मौके पर ही मौत हो गई. इसी प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है.
कोंच होटल गोली कांड में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और उनके बेटे समेत 3 पर हत्या का मुकदमा दर्ज़
