संचारी रोग नियंत्रण के लिए चलेगा विशेष अभियान, डीएम ने दिए निर्देश

जालौन:  जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियां जोरों पर हैं. यह अभियान 05 से 31 अक्टूबर 2025 तक चलाया जाएगा.  इस संबंध में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की.  जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय है.  उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, नगर निकाय, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें. 

घर-घर जाकर सफल बनेगा अभियान
पाण्डेय ने  साफ-सफाई, दवा छिड़काव, लार्वा नाशक दवाओं का प्रयोग, घर-घर संपर्क एवं जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस अभियान का एक महत्वपूर्ण घटक है दस्तक अभियान जो  11 से 31 अक्टूबर 2025 चलाया जाएगा.  इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों एवं एएनएम के जरिए ग्राम स्तर पर प्रत्येक घर तक जानकारी पहुंचाई जाएगी. फ्रंटलाइन वर्कर्स घर-घर जाकर केवल संचारी रोग ही नहीं बल्कि क्षय रोग, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया एवं काला अज़ार जैसे रोगों के प्रति भी लोगों जागरुक करेंगे. 

इस दौरान यदि किसी व्यक्ति में किसी रोग के लक्षण पाए जाते हैं तो उसका नाम, पता एवं मोबाइल नंबर सहित संपूर्ण विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड किये जाने के लिए भी कहा गया है.  संभावित रोगी का डेटा यूनिफाइड डिजीज सर्विलेंस पोर्टल पर एपीआई लिंक के माध्यम से स्वतः स्थानांतरित हो जाएगा. अभियान के तहत आशा कार्यकर्ताओं को प्रत्येक परिवार के सभी सदस्यों का आभा आईडी बनाकर भी उपलब्ध कराना है. दस्त रोग से प्रभावित व्यक्तियों की लाइन लिस्ट ई-कवच पोर्टल पर तैयार की जाएगी.

निचले स्तर तक चलेगा बैठकों का दौर
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बैठकों में क्षय रोग एवं हीट रिलेटेड इलनेस यानी उष्ण मौसम से संबंधित रोगों की भी चर्चा की जाए. उन्होंने अभियान के दौरान ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति की बैठकें, क्लोरीनेशन डेमो, संचारी रोगों एवं एईएस की समूह बैठकें, वीएचएनडी, मातृ बैठकें एवं स्वयं सहायता समूहों की बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित कराने के लिए भी कहा है. 

बता दें जिलाधिकारी की इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र देव शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रप्रकाश, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मनोज अवस्थी, एसीएमओ डॉ. बीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *