जालौन: उत्तर प्रदेश में ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के साथ ही परिवारों को टूटने से बचाने का सराहनीय कार्य भी लगातार जारी है. पुलिस अधीक्षक जालौन, डॉ. दुर्गेश कुमार के दिशा-निर्देशन में संचालित महिला परिवार परामर्श केंद्र वैचारिक मतभेद के कारण टूटने की कगार पर पहुँच चुके रिश्तों में विश्वास और समझदारी की डोर को मजबूत करने का सच्चा मंच बन गया है.
जालौन पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, विगत 07 दिनों के भीतर परिवार परामर्श केंद्र ने कुल 17 परिवारों के मध्य सफलतापूर्वक सुलह-समझौता कराकर उन्हें बिखरने से बचा लिया. यह प्रयास परिवारों के बीच सामंजस्य और समझ बढ़ाने में सहायक साबित हो रहा है. जनवरी 2025 से लेकर सितंबर 2025 तक, जालौन पुलिस के इस केंद्र ने कुल 180 प्रकरणों में सफलतापूर्वक गहन काउंसलिंग की है. महिला पुलिस अधिकारियों और अन्य नामित सदस्यों ने पति, पत्नी और उनके परिजनों के बीच उपजे जटिल विवादों में धैर्यपूर्वक दोनों पक्षों को सुना, उनकी भावनाओं को समझा और विवाद की जड़ तक पहुँचकर समाधान निकाला.
इस समन्वित प्रयास का परिणाम यह रहा कि कई ऐसे दंपत्ति जो अलग होने की कगार पर थे, उन्होंने भविष्य में लड़ाई-झगड़ा न करने और पारिवारिक कर्तव्यों का पालन करते हुए खुशी-खुशी साथ रहने की बात कही. यह पहल सिर्फ विवादों को निपटाने का स्थान नहीं, बल्कि टूटे हुए रिश्तों में आशा की नई किरण लेकर आई है. 180 परिवारों का टूटने से बच जाना, उनके बच्चों और बुजुर्गों के लिए एक नई जिंदगी से कम नहीं है. काउंसलरों ने न केवल सुलह कराई, बल्कि दंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए यह सलाह भी दी कि वे एक-दूसरे के साथ सामंजस्य स्थापित कर पारिवारिक दायित्वों का सही प्रकार से निर्वहन करें. जालौन पुलिस का यह संवेदनशील प्रयास परिवारों को एक नई शुरुआत देने में मिसाल बन रहा है.
जालौन पुलिस के कारण बिखरने से बच गए 180 परिवार
