छोटे बच्चों को चाय या कॉफी पिलाना एक आम लेकिन खतरनाक आदत बनती जा रही है. कई अभिभावक बच्चों की जिद या थकान दूर करने के लिए उन्हें चाय या कॉफी दे देते हैं, जबकि विशेषज्ञ इसे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक मानते हैं. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार चाय और कॉफी में मौजूद कैफीन छोटे बच्चों के लिए सुरक्षित नहीं है. कैफीन बच्चों के नर्वस सिस्टम पर सीधा असर डालता है, जिससे बेचैनी, चिड़चिड़ापन और नींद न आने की समस्या हो सकती है. लगातार कैफीन लेने से बच्चों की नींद का प्राकृतिक चक्र बिगड़ जाता है, जिससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित हो सकता है.
डॉक्टर बताते हैं कि चाय में मौजूद टैनिन तत्व बच्चों के शरीर में आयरन के अवशोषण को रोकता है. इससे बच्चों में खून की कमी यानी एनीमिया का खतरा बढ़ जाता है. कम उम्र में एनीमिया होने से बच्चों में कमजोरी, थकान और पढ़ाई में ध्यान न लगने जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं. कॉफी का अत्यधिक सेवन बच्चों के दिल की धड़कन बढ़ा सकता है और पाचन तंत्र को भी नुकसान पहुंचा सकता है. इससे पेट दर्द, गैस और भूख न लगने की शिकायत हो सकती है. विशेषज्ञ यह भी चेतावनी देते हैं कि कम उम्र में कैफीन की आदत पड़ने से भविष्य में इसकी लत लगने की संभावना बढ़ जाती है.
बाल रोग विशेषज्ञों का कहना है कि पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को चाय या कॉफी बिल्कुल नहीं देनी चाहिए. बच्चों के लिए दूध, फल, नारियल पानी और पर्याप्त मात्रा में पानी सबसे सुरक्षित और पौष्टिक विकल्प हैं. अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों की सेहत को प्राथमिकता दें और उन्हें ऐसी आदतों से दूर रखें जो उनके भविष्य के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती हैं.
छोटे बच्चों को चाय या कॉफी न दें, हो सकते हैं ये नुकसान
