जालौन में 17 मार्च से होगी गेंहूं की खरीदारी, पढ़िए कितनी MSP की गई निर्धारित?

जालौन: जिले में रबी विपणन वर्ष 2026-27 को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. किसानों से सीधे खरीद सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस बार पूरे जिले में 49 अधिकृत क्रय केंद्र सक्रिय किए जा रहे हैं. 17 मार्च से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद औपचारिक रूप से शुरू होगी. इस वर्ष सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जो पिछले सत्र की तुलना में 160 रुपये अधिक है. 

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने साफ निर्देश दिए कि खरीद व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं होनी चाहिए. प्रशासन की प्राथमिकता यह रहेगी कि किसानों को बिना बाधा और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत भुगतान सुनिश्चित हो. 

जिला खाद्य विपणन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि केंद्रों पर पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया जा रहा है, ताकि किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े. सभी अधिकृत केंद्रों की जियो-टैगिंग समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे निगरानी और पारदर्शिता मजबूत हो सके. 

मंडी समितियों को उप मंडी स्थलों और ग्रामीण अवस्थापना केंद्रों की अद्यतन सूची तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक केंद्र पर बिजली, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, आवश्यक अभिलेख कक्ष तथा पर्याप्त भंडारण क्षमता की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए. 

किसानों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार अभियान चलाने की भी तैयारी है. सार्वजनिक स्थलों पर सूचना सामग्री लगाने के साथ मंडियों में बैठकें और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक किसान सरकारी केंद्रों पर अपनी उपज बेच सकें. बैठक में एआर कोऑपरेटिव विजय वर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्य योजना के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए, ताकि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित और किसान हितैषी बनी रहे. 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *