जालौन: जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज गल्ला मंडी जालौन का औचक निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी में किसानों की उपस्थिति, अनाज की खरीद-बिक्री की प्रक्रिया, साफ-सफाई व्यवस्था, तौल प्रक्रिया, अनाज भंडारण और विभिन्न क्रय केंद्रों की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया. जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में प्रतिदिन नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि गल्ला मंडी किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान है, जहां वे अपनी मेहनत से उगाई फसल लेकर आते हैं. इसलिए, यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि उन्हें एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिले.
इस दौरान जिलाधिकारी ने मंडी में आए किसानों से सीधा संवाद भी किया. उन्होंने किसानों से उनकी समस्याएं पूछीं और यह भी जानकारी ली कि उन्हें मंडी में अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना तो नहीं करना पड़ रहा है. अधिकांश किसानों ने मंडी की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन कुछ किसानों ने तौल प्रक्रिया में देरी और कुछ कर्मचारियों की लापरवाही की शिकायत की. इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल मंडी सचिव को निर्देश दिए कि तौल प्रक्रिया को और अधिक समयबद्ध बनाया जाए और यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए.
उन्होंने मंडी में क्रय केंद्रों पर हो रही फसल की खरीद प्रक्रिया की निगरानी कर रहे अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य समय पर मिले और भुगतान प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी न हो. इस अवसर पर उप जिलाधिकारी विनय मौर्य, खाद्य विपणन अधिकारी गोविंद उपाध्याय, ए आर कोऑपरेटिव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए.
जिलाधिकारी का गल्ला मंडी में औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
