झांसी में रविवार देर रात एसएसपी ने पुलिस महकमे में व्यापक फेरबदल किया है. मोठ थाने के प्रभारी अखिलेश द्विवेदी को उनके पद से हटाते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. उनको शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी बनाया गया. वहीं शहर कोतवाल राजेश पाल सिंह को मोंठ थाने की जिम्मेदारी दी गयी.
सपा प्रमुख के बयान के बाद चर्चा तेज
मोठ थाना प्रभारी को हटाए जाने का मामला सपा प्रमुख अखिलेश यादव के हालिया बयान के बाद चर्चा में आ गया है. 20 नवंबर को मोठ थाना क्षेत्र के गिरोठा में पूर्व सपा विधायक दीप नारायण यादव सहित कई लोगों पर डकैती का केस दर्ज किया गया था. इसी घटना को लेकर अखिलेश यादव का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस विभाग की कार्रवाई को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं.
6 इंस्पेक्टरों के तबादले भी किए गए
एसएसपी ने इस फेरबदल के तहत कुल छह निरीक्षकों का तबादला भी कर दिया है. चिरगांव थाना प्रभारी विद्यापति सिंह को हटाकर शहर कोतवाल रह चुके कुलदीप तिवारी को चिरगांव थाने की जिम्मेदारी दी गई है. पुलिस लाइन में तैनात महेंद्र प्रताप सिंह को मीडिया सेल प्रभारी बनाया गया है. जबकि मीडिया सेल में कार्यरत जितेंद्र कुमार सिंह को पुलिस उपाधीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने के बाद पुलिस कार्यालय भेजा गया है.
अखिलेश के बयान के बाद मचा सियासी हलचल, मोंठ थानेदार को हटाया
