झांसी: मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र में सोमवार को एक नवजात के शव की बरामदगी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सुखनई नदी के किनारे से गुजर रहे एक बड़े नाले में नवजात का शव तार में फंसा हुआ मिला. इसे देखकर स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए.
घटना मऊरानीपुर क्षेत्र की बताई जा रही है. सुखनई नदी के पास एक नाला बहता है, जो आगे जाकर नदी में मिल जाता है. सोमवार सुबह जब कुछ ग्रामीण नाले के पास पहुंचे, तो उन्होंने नाले के पाइप के आगे लगे तार में एक नवजात का शव फंसा हुआ देखा. यह दृश्य देखते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना आसपास के लोगों और पुलिस को दी. कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से नवजात के शव को नाले से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
चार माह का बताया जा रहा है नवजात
मऊरानीपुर पुलिस के अनुसार यह घटना 2 फरवरी की है. मदर फूड्स रेस्टोरेंट के सामने सुखनई नदी किनारे नाले में शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी. प्रारंभिक जांच में नवजात की उम्र करीब चार माह आंकी जा रही है. पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
नर्सिंग होम्स की भूमिका पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला. ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर शव मिला है, उसके आसपास कई निजी नर्सिंग होम संचालित हैं. लोगों ने आशंका जताई है कि कहीं इस मामले के पीछे कोई अवैध गतिविधि तो नहीं चल रही. कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच जैसी गतिविधियां इस क्षेत्र में हो सकती हैं, जिसकी वजह से इस तरह की घटना सामने आई है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात का शव नाले तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है.
झांसी: नाले में मिला नवजात का शव, नर्सिंग होम्स पर उठे गंभीर सवाल
