झांसी: गरीबी और मजबूरी का फायदा उठाकर एक महिला के साथ दरिंदगी का सनसनीखेज मामला झांसी से सामने आया है. मजदूरी का झांसा देकर मकान मालिक और उसके साथी ने 35 वर्षीय महिला को निर्माणाधीन मकान में ले जाकर गैंगरेप किया. घटना के बाद पीड़िता सहमी रही, लेकिन हिम्मत जुटाकर उसने परिजनों को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.
पीड़िता तालपुरा इलाके में किराए के मकान में रहती है. उसने पुलिस को बताया कि उसका पति लंबे समय से बीमार रहता है, जिस कारण परिवार की जिम्मेदारी उसी पर है. 20 दिसंबर को वह अपनी देवरानी के साथ मजदूरों की तलाश वाली पुलिया पर खड़ी थी. तभी एक व्यक्ति वहां आया और 500 रुपये दिहाड़ी पर मजदूरी का लालच देकर उसे गोविंद चौराहा के पास मढ़िया मोहल्ले स्थित एक निर्माणाधीन मकान पर ले गया.
महिला के अनुसार, मकान पर पहले से तीन युवक मौजूद थे. जैसे ही वह सीमेंट की बोरी उठाने कमरे में गई, मकान मालिक अलीम और मुस्तरा निवासी हरिश्चंद ने उसका मोबाइल छीन लिया और जबरन कमरे में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की. आरोपियों ने उसे धमकाया और विरोध करने पर मारपीट भी की. डरी-सहमी महिला किसी तरह वहां से निकल पाई और बाद में परिजनों को पूरी घटना बताई.
महिला के देवर ने बताया कि भाभी रोज की तरह मजदूरी की तलाश में गई थीं. मजदूरी दिलाने के बहाने आरोपी उन्हें अपने साथ ले गए और वहां मोबाइल छीनकर गैंगरेप किया गया. सोमवार को परिजन पीड़िता को लेकर नवाबाद थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया.
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने गंभीरता से संज्ञान लिया और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है. पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है और मामले में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं.
झांसी में मजदूरी के बहाने महिला से गैंगरे*प, मकान मालिक और साथी गिरफ्तार
