झांसी: शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दासना में क्रेशर प्वाइंट पर जारी अवैध हैवी ब्लास्टिंग ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है. पिछले तीन दिनों से लगातार हो रहे तेज धमाकों और उड़ते पत्थरों ने गांव का माहौल असुरक्षित बना दिया है. स्थिति तब गंभीर हो गई, जब ब्लास्टिंग के दौरान दासना के प्राथमिक विद्यालय में बड़े–बड़े पत्थर गिर पड़े. डर के कारण बच्चे क्लासरूम छोड़कर बाहर भाग निकले और स्टाफ में भी अफरा-तफरी मच गई.
विधायक मौके पर सक्रिय, खनन अधिकारी को फोन पर फटकार
घटना की सूचना मिलते ही गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत तुरंत सक्रिय हो गए. उन्होंने झांसी के खनन अधिकारी को फोन पर कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट कहा कि बच्चों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. विधायक ने संबंधित क्रेशर को तुरंत बंद कराने और जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के आदेश दिए.
मोंठ एसडीएम को भी दिए सख्त निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक राजपूत ने मोंठ एसडीएम से भी सीधे बात की और प्रशासन को चेताया कि लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी. उन्होंने एसडीएम को पूरी घटना की व्यापक जांच करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
गांव में तीसरी बार हादसा, ग्रामीणों में भय का माहौल
ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब ब्लास्टिंग की वजह से स्कूल और घरों में पत्थर गिरे हों. इससे पहले भी दो बार ऐसी घटना हो चुकी है, लेकिन हालिया ब्लास्टिंग इतनी तीव्र थी कि बड़े आकार के पत्थर सीधे स्कूल की छत और प्रांगण में आ गिरे. लगातार होने वाले धमाकों से घरों में कंपन महसूस हो रहा है, जिससे पूरे गांव में डर और तनाव का माहौल है. एक ग्रामीण ने बताया— “हम कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. बच्चों की सुरक्षा लगातार खतरे में थी”
विधायक के हस्तक्षेप से मिली राहत
विधायक द्वारा तत्काल हस्तक्षेप के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. ग्रामीणों का कहना है कि पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने उनकी समस्या को इतनी गंभीरता से सुना और तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए.
जवाहर ने खनन अधिकारी को हड़काया
