जालौन: पूरा मामला जनपद जालौन के उरई का है जहां कल शुक्रवार देर रात कपल का वीडियो बनाने को लेकर हुआ विवाद, दर्जनों दबंगो ने मारपीट और हंगामा कर जमकर अराजकता फैलायी. बीच सड़क जलती मोटरसाइकिल देख आम नागरिकों में भय का माहौल हुआ पैदा. पूरी घटना कालपी बस स्टैंड के पास बने ट्रैवल्स ऑफिस की है. जानकारी के मुताबिक एक ट्रैवल्स ऑफिस के अंदर युवक अपनी पत्नी के साथ बैठा हुआ था, पति की तबीयत सही नहीं थी, जिस कारण वह पत्नी की गोद में लेट गया. उसी दौरान एक युवक शराब के नशे में ऑफिस पहुंचा, जहां उसने मोबाइल से कपल का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. युवक के द्वारा जब वीडियो बनाया जा रहा था, तभी ऑफिस संचालक एवं अन्य लोग आ गए और लोगों ने वीडियो बनाने पर विरोध जताया, जिसके बाद देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई.
नागरिकों में दहशत का माहौल पैदा हुआ
वीडियो बना रहे नशे में धुत युवक द्वारा अन्य साथी भी बुला लिए गए और उन्होंने मारपीट शुरू कर दी. मामला इतना गरमाया कि देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई, इस दौरान कुछ लोग बुरी तरह घायल हो गए. इसी दौरान उन्हीं दोनों पक्षों में किसी ने बीच सड़क पर मोटरसाइकिलों में आग भी लगा दी गयी. जिससे माहौल में और अधिक गहमागहमी हो गयी एवं आम नागरिकों में दहशत का माहौल पैदा हो गया. जानकारी के मुताबिक सूचना के काफी देर बाद दमकल विभाग और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. फायर कर्मियों ने बाइकों में लगी आग पर काबू पाया.
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस
एडिशनल एसपी प्रदीप कुमार, एडीएम संजय कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी अर्चना सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अंजन सिंह, जालौन कोतवाली प्रभारी अजय ब्रम्ह तिवारी एवं अन्य कई थानों की पुलिस घटना स्थल पर मौजूद रही. घायलों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया, फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और पुलिस द्वारा बताया गया कि शान्ति व्यवस्था है. पुलिस द्वारा बताया गया कि सभी पहलुओं पर जांच की जाएगी एवं सभी साक्ष्यों को भी खंगाला जाएगा. आशा करते हैं कि शीघ्र दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो जिससे शहर का माहौल खराब न होने पाए.
जालौन में कपल का वीडियो बनाने पर बवाल. गाडियां जलायीं. भारी फ़ोर्स तैनात
