जालौन: देशभर में ब्राह्मण समाज के लोगों की लगातार हो रही हत्याओं और महिलाओं द्वारा पुरुषों पर कथित उत्पीड़न के मामलों को लेकर राष्ट्रीय ब्राह्मण एकता संघ ने कड़ा रुख अपनाया है. संगठन ने साफ शब्दों में कहा है कि अब ऐसे मामलों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुरुष उत्पीड़न से पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने के लिए संघ पूरी मजबूती से संघर्ष करेगा और पुरुष आयोग के गठन की मांग को लेकर आंदोलन छेड़ा जाएगा.
कालपी रोड स्थित होटल में हुई संगठन की महत्वपूर्ण बैठक
रविवार को कालपी रोड स्थित एक होटल में आयोजित संगठन की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक दीक्षित ने यह बातें कहीं. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कई नवयुवक महिलाओं द्वारा किए जा रहे कथित उत्पीड़न से मानसिक रूप से टूट रहे हैं और आत्महत्या जैसे गंभीर कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं. उन्होंने इसे समाज के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति बताया.
वायुसेना से सेवानिवृत्त राधेश्याम तिवारी का मामला उठाया
बैठक के दौरान अध्यक्ष अभिषेक दीक्षित ने वायुसेना से सेवानिवृत्त राधेश्याम तिवारी के मामले को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहू द्वारा उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है. मारपीट से जुड़े साक्ष्य पुलिस को सौंपे जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राधेश्याम तिवारी को शीघ्र न्याय नहीं मिला, तो संगठन प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करेगा.
राजकीय मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राजकीय मेडिकल कॉलेज की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि कॉलेज के डॉक्टर नियमित रूप से न बैठकर अपने निजी अस्पतालों को चला रहे हैं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मेडिकल प्रशासन नहीं जागा, तो संगठन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगा.
आईएएस अधिकारी के बयान की कड़ी निंदा
जिलाध्यक्ष पवन त्रिपाठी रुरा ने आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों को लेकर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल नारी सम्मान के खिलाफ है, बल्कि समाज में जातीय वैमनस्य फैलाने का प्रयास भी है.
प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर को क्षति पहुंचाने का आरोप
बैठक में घंटाघर के पास स्थित प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया. जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है.
कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
राष्ट्रीय ब्राह्मण एकता संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उपरोक्त सभी मामलों में निष्पक्ष और शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा करेगा. बैठक में अनुरुद्ध द्विवेदी, विजय वाजपेयी, उपेंद्र तिवारी, आकाश तिवारी, दिनेश तिवारी, विनय तिवारी, निधि द्विवेदी, अभि पंडित, मृदुल दीक्षित सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ब्राह्मण समाज की हत्याओं और पुरुष उत्पीड़न मामलों पर सख्त हुआ राष्ट्रीय ब्राह्मण एकता संघ
