उरई कोतवाली के बाहर प्रेमी युगल ने डीजल डालकर आत्मदाह की दी धमकी, शादी कराने की जिद पर अड़े

जालौन: जिले के उरई शहर में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्रेमी युगल ने कोतवाली के बाहर अपने शरीर पर डीजल छिड़ककर आत्मदाह करने की धमकी दे दी। दोनों एक-दूसरे से शादी कराने की जिद पर अड़े हुए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाने के बाद दोनों को शांत कराया और हिरासत में ले लिया।

रात डेढ़ बजे कोतवाली के बाहर पहुंचा प्रेमी युगल
जानकारी के मुताबिक उरई कोतवाली क्षेत्र के लहरियापुरवा निवासी अजय जाटव एक नाबालिग किशोरी को अपने साथ लेकर चला गया था। इस मामले में किशोरी के परिजनों ने पहले ही कोतवाली उरई में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे युवक खुद ही किशोरी को लेकर कोतवाली के बाहर पहुंच गया। वहां पहुंचते ही उसने अपने कपड़ों पर डीजल डाल लिया और किशोरी के ऊपर भी डीजल डालते हुए आत्मदाह करने की धमकी देने लगा।

सड़क पर बैठकर दी जान देने की चेतावनी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों अचानक सड़क पर बैठ गए और पुलिस से शादी कराने की मांग करने लगे। युवक बार-बार यह कह रहा था कि अगर उनकी शादी नहीं कराई गई तो वे दोनों आग लगाकर अपनी जान दे देंगे। यह दृश्य देखकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने समझाकर दोनों को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को शांत कराने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद पुलिस ने किसी तरह दोनों को वहां से हटाया और कोतवाली ले आई।

युवक पर पहले से दर्ज है मुकदमा
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर ने बताया कि नाबालिग किशोरी को भगाने के मामले में अजय जाटव के खिलाफ पहले से ही मुकदमा दर्ज है। उन्होंने बताया कि किशोरी नाबालिग है और युवक ने उसे आत्महत्या के लिए उकसाते हुए डीजल डालकर आग लगाने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *